kotha
post authorabhishek 04 May 2022 2214

बिथ्याणी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के नेताओं ने मुख्यमंत्री के रूप में योगी के कार्यों की खूब तारीफ की.

देहरादून - यूपी में लगातार दूसरी जीत दर्ज करने के बाद, उत्तराखंड में योगी आदित्यनाथ के पहले सार्वजनिक आयोजन के मंच पर बुलडोजर, हिन्दुत्व, अयोध्या और काशी की गूंज रही। उत्तराखंड के नेताओं ने मंच से योगी आदित्यनाथ के हिन्दुत्ववादी एजेंडे और सख्त प्रशासक छवि की जमकर तारीफ की।बिथ्याणी कॉलेज में मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के नेताओं ने मुख्यमंत्री के रूप में योगी के कार्यों की खूब तारीफ की। उत्तराखंड सरकार सीएम पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल व मंत्री सौरभ बहुगुणा ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम योगी ने एयरपोर्ट में बने राज्य अतिथि गृह में भाजपा नेताओं से वार्ता की।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब वो 1999 में अयोध्या गए थे, उस समय रामलला टैंट में थे, लेकिन अब वहां भव्य मंदिर बन रहा है।इसी तरह काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर का भी कायाकल्प हो गया है, जो हम सबके लिए गर्व की बात है। पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने यूपी में माफिया पर बुलडोजर चलाया तो दूसरे राज्य भी इसकी नकल कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी को यूपी में माफिया राज समाप्त करने का श्रेय देते हुए कहा कि अब वहां माता-बहनें सुरक्षित महसूस करती हैं।पूर्व सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि महंत अवेद्यनाथ ने रामजन्म भूमि आंदोलन की नींव रखी, आज उनके शिष्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या में मंदिर निर्माण का अवसर मिल रहा है। शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने उन्हें देश में सबसे लोकप्रिय मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि यूपी में बुलडोजर खूब चल रहा है।