उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य के प्रमुख आवासीय खेल विद्यालयों में कक्षा 6 में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह पहल उन छात्रों के लिए खास अवसर लेकर आई है जो कम उम्र से ही खेलों में अपना करियर बनाना चाहते हैं।
राज्य के तीन प्रमुख संस्थानों—महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ और बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज चंपावत—में कक्षा छह के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खास बात यह है कि चंपावत स्थित बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में पहली बार प्रवेश लिए जाएंगे।
प्रवेश के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को दक्षता परीक्षा से गुजरना होगा, जिसके लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 मई 2026 निर्धारित की गई है।
इन आवासीय खेल विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही पेशेवर खेल प्रशिक्षण दिया जाता है। देहरादून स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट, फुटबॉल, जूडो, हॉकी, वॉलीबॉल, शूटिंग, जिम्नास्टिक्स, तैराकी और आइस स्पोर्ट्स जैसी कई खेल विधाओं में प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है।
वहीं पिथौरागढ़ के हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज में एथलेटिक्स, फुटबॉल और बॉक्सिंग, तथा चंपावत के बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज में लड़कियों के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन और बॉक्सिंग की विशेष व्यवस्था की गई है।
इन संस्थानों में चयनित विद्यार्थियों को आधुनिक उपकरण, अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
पात्रता
कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदक की आयु 11 से 13 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जन्म तिथि 1 जुलाई 2013 से 1 जुलाई 2015 के बीच होनी अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना जरूरी है।
चयन प्रक्रिया
चयन शारीरिक दक्षता परीक्षा, खेल कौशल और खेल प्रवीणता के आधार पर किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक छात्र क्यूआर कोड स्कैन कर या आधिकारिक वेबसाइट www.mpscollege.in� से ऑफलाइन आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए +91-135-2788142 पर संपर्क किया जा सकता है।



Admin





