गुमानीवाला क्षेत्र के लालपानी बीट में स्थापित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रोसेसिंग प्लांट का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के शुरू होने से गोविंद नगर क्षेत्र में लंबे समय से जमा कूड़े के पहाड़ से जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस प्लांट का मुख्य उद्देश्य शहर से प्रतिदिन एकत्रित होने वाले ठोस कचरे का वैज्ञानिक और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण करना है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिले और प्रदूषण में कमी आए।
मंगलवार को मेयर शंभू पासवान ने प्लांट का निरीक्षण कर इसकी कार्यक्षमता और तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि लगभग 10 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस प्लांट में चार अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं।
प्लांट में सूखे कचरे से आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) तैयार किया जाएगा, जिसे उद्योगों को ईंधन के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं गीले कचरे से जैविक कंपोस्ट खाद बनाई जाएगी, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कृषि को भी लाभ मिलेगा।
मेयर ने जानकारी दी कि इस माह के अंत तक प्लांट में नियमित रूप से कचरा निस्तारण शुरू कर दिया जाएगा। इस परियोजना का संचालन 15 वर्षों के लिए एक निजी कंपनी को सौंपा गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इस परियोजना को शहर के स्वच्छता अभियान की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



Admin





