देहरादून में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग बैंकों के 66 डेबिट/एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र का है, जहां झाझरा चौकी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को नियमित चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से एक सफेद कार में सवार कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर कार संख्या UP 14 FH 7340 को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में मौजूद तीनों व्यक्तियों के पास से 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए, जो विभिन्न बैंकों से संबंधित हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
इमरान अली (गाजियाबाद)
नसीरुद्दीन (दिल्ली)
मोहम्मद खालिद (गाजियाबाद)
के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एटीएम बूथों पर बुजुर्गों और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन नंबर जानकर खातों से पैसे निकाल लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बरामद सामान को सील कर दिया गया है। साथ ही, आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर के अनुसार, पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है तथा यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।



Admin





