नई दिल्ली। ट्रेन से सफर के दौरान घर का बना खाना ले जाना आम बात है, लेकिन अगर आप सफाई का ध्यान नहीं रखते, तो यही आदत आपको भारी पड़ सकती है। रेलवे प्रशासन ने साफ-सफाई को लेकर सख्ती बढ़ा दी है और लापरवाही करने वालों पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्टेशन और ट्रेन परिसर में स्वच्छता बनाए रखना यात्रियों की जिम्मेदारी है। हाल ही में चलाए गए विशेष अभियान के तहत एक ही दिन में पूर्व रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर कुल 1447 मामलों में कार्रवाई की गई और 2,89,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मंडलवार कार्रवाई:
हावड़ा मंडल: 457 मामले, ₹91,400 जुर्माना
आसनसोल मंडल: 217 मामले, ₹43,400 जुर्माना
मालदा मंडल: 158 मामले, ₹31,600 जुर्माना
सियालदह मंडल: 615 मामले, ₹1,23,000 जुर्माना
इसी दौरान एक परिवार ट्रेन में घर से खाना लेकर यात्रा कर रहा था। खाने के बाद बचा हुआ कचरा सीट के पास छोड़ दिया गया। मौके पर पहुंचे रेलवे कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूल लिया।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि कचरा फैलाना न सिर्फ पर्यावरण को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह एक दंडनीय अपराध भी है। इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे कूड़ा डस्टबिन में ही डालें और सफर के दौरान स्वच्छता बनाए रखें।



Admin





