उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब कुल्हाल की गुर्जर बस्ती में एक विशालकाय अजगर दिखाई दिया। करीब 14 फीट लंबे इस अजगर को देखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर इकट्ठा हो गए।
मामला कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज का है। रविवार दोपहर लगभग दो बजे स्थानीय लोगों ने वन विभाग को सूचना दी कि गुर्जर बस्ती इलाके में एक बड़ा अजगर दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
वन विभाग के सर्प मित्र आदिल मिर्जा विभागीय कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने का अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया।
इस दौरान आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। कई लोग इस विशाल अजगर को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते हुए भी नजर आए।
वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी ने बताया कि पकड़े गए अजगर की लंबाई लगभग 14 फीट और वजन करीब 55 किलो 300 ग्राम है। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित तरीके से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके।
वन विभाग ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगल से सटे क्षेत्रों में यदि इस प्रकार के वन्यजीव दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें।



Admin






