देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर देवभूमि उत्तराखंड के दौरे पर आने वाले हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को उत्तराखंड पहुंचेंगे और राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड के साथ केवल राजनीतिक ही नहीं बल्कि गहरा आध्यात्मिक और व्यक्तिगत संबंध भी रहा है। यही वजह है कि वे लगातार राज्य के विकास और यहां की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए पहल करते रहे हैं।
प्रधानमंत्री लगभग पांच महीने बाद उत्तराखंड का दौरा करेंगे। इससे पहले वे 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में शामिल होने के लिए देहरादून आए थे। उस दौरान उन्होंने एफआरआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के विकास से जुड़ी 8140 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था।
उस मौके पर प्रधानमंत्री ने ‘विकसित उत्तराखंड’ के विज़न को आगे बढ़ाते हुए राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन, एक जिला-एक मेला जैसे नए विकास मंत्र भी दिए थे, जिनसे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई थी।
मुख्यमंत्री धामी के अनुसार, आगामी दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी देहरादून-नई दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इससे राज्य के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर राज्य के लोगों में खासा उत्साह है। प्रधानमंत्री मोदी ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने सीमांत क्षेत्रों के गांवों का दौरा कर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
प्रधानमंत्री ने चमोली जिले के माणा गांव, उत्तरकाशी के मुखवा और पिथौरागढ़ के आदि कैलाश जैसे सीमांत और धार्मिक महत्व के स्थानों का दौरा कर इन क्षेत्रों को विकास और पर्यटन के नक्शे पर प्रमुख स्थान दिलाने का प्रयास किया है।
सरकार को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के इस दौरे से उत्तराखंड में विकास परियोजनाओं को नई गति मिलेगी और राज्य की पर्यटन व आर्थिक गतिविधियों को भी बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा।




Admin






