टिहरी जिले के घनसाली क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की कमी की खबर फैलते ही रविवार देर रात अचानक स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घनसाली स्थित इंडियन गैस एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में लोग सिलेंडर लेने के लिए पहुंच गए और देखते ही देखते आधी रात को ही लंबी कतारें लग गईं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब पांच दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं पहुंची थी। जैसे ही यह सूचना फैली कि सुबह गैस की गाड़ी आने वाली है, उपभोक्ता रात में ही एजेंसी के बाहर पहुंचकर लाइन में लग गए। इस दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और लोगों में सिलेंडर को लेकर चिंता बढ़ गई।
मामले की जानकारी प्रशासन तक पहुंचते ही घनसाली के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अलकेश नौडियाल तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और लोगों को समझाते हुए शांतिपूर्वक अपने घर वापस जाने के लिए कहा।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर का वितरण केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को किया जाएगा जिनकी बुकिंग पहले से दर्ज है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना बुकिंग के लाइन में लगने से बचें।
समाजसेवी विनोद लाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस की सप्लाई बाधित होने के कारण लोगों में चिंता बढ़ गई थी। इसी वजह से उपभोक्ता सुबह आने वाली गैस गाड़ी के इंतजार में रात से ही एजेंसी के बाहर पहुंच गए।
प्रशासन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडर का वितरण रोस्टर प्रणाली के अनुसार किया जाएगा, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया, हालांकि गैस की कमी ने स्थानीय लोगों की परेशानी को एक बार फिर उजागर कर दिया है।



Admin






