kotha
post authorAdmin 11 Apr 2026

देहरादून में ISI का हैंडलर गिरफ्तार, PHQ और ISBT को बम से उड़ाने की थी साजिश.

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा किया है। राज्य की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक हैंडलर को गिरफ्तार किया है, जो संवेदनशील सैन्य और सरकारी ठिकानों की जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय विक्रांत कश्यप, निवासी झाझरा, प्रेमनगर (देहरादून) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बर्क ब्रिगेड के आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और उसे उत्तराखंड के कई संवेदनशील इलाकों की लोकेशन, फोटो और वीडियो भेज रहा था।

कैसे हुआ खुलासा

पुलिस महानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे और एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ को पहले से ही राष्ट्र विरोधी गतिविधियों को लेकर इनपुट मिल रहे थे। इसी दौरान प्रेमनगर थाना पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विक्रांत कश्यप को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की तो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। जांच में पता चला कि वह लंबे समय से पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और लगातार सैन्य संस्थानों तथा महत्वपूर्ण सरकारी भवनों की जानकारी भेज रहा था।

स्लीपर सेल बनाने की कोशिश

एसटीएफ के अनुसार पाकिस्तान से संचालित आतंकी संगठन भारतीय युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं से संपर्क कर उन्हें स्लीपर सेल के रूप में इस्तेमाल करने की साजिश रची जा रही थी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी तहरीक-ए-तालिबान-हिंदुस्तान के नेटवर्क को मजबूत करने की योजना पर काम कर रहा था।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या से हुआ प्रभावित

खुफिया एजेंसियों की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का बड़ा प्रशंसक था और उनकी हत्या से बेहद आक्रोशित था।

बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम पर शहजाद भट्टी द्वारा डाली गई पोस्ट और रीलों से प्रभावित होकर वह उसके संपर्क में आया और धीरे-धीरे उसके जाल में फंस गया।

दिल दहला देने वाला टास्क

जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी को देहरादून के कई संवेदनशील स्थानों की फोटो और वीडियो भेजने के बाद एक बड़ा टास्क दिया गया था।

आतंकी संगठन ने उसे उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय (PHQ) और देहरादून ISBT को बम से उड़ाने का निर्देश दिया था। इसके लिए हथियार, बम और पैसे एक व्यक्ति “गुर्जर” के माध्यम से उपलब्ध कराने की बात कही गई थी।

हालांकि इससे पहले ही सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी को गिरफ्तार कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया।

फिलहाल एसटीएफ और खुफिया एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं।

अस्पताल की भूमि पर बनी सालों पुरानी मजार ध्वस्त - baatmuddeki