उत्तराखंड के लोगों के लिए हवाई संपर्क के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू किए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से इन शहरों के लिए सीधी हवाई सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया था।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में इस संबंध में जानकारी दी है।
पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देश के कई प्रमुख शहरों के लिए उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं।
इनमें अहमदाबाद, भुवनेश्वर, बैंगलुरु, मुंबई, कोलकाता, दिल्ली, शमशाबाद, जयपुर, लखनऊ, पुणे और कुल्लू जैसे शहर शामिल हैं।
फिलहाल इंडिगो, एलायंस एयर, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी एयरलाइनों की कुल 254 साप्ताहिक उड़ानें देहरादून से आने-जाने के लिए संचालित की जा रही हैं।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत में घरेलू विमानन क्षेत्र को नियंत्रणमुक्त (Deregulated) कर दिया गया है। इसका अर्थ यह है कि एयरलाइंस अपने व्यावसायिक निर्णय और बाजार की मांग के आधार पर स्वयं तय करती हैं कि किस मार्ग पर उड़ान सेवा शुरू की जाए।
इसी क्रम में देहरादून से वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा शुरू करने के प्रस्ताव को सभी अनुसूचित घरेलू एयरलाइनों के साथ साझा कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार लगातार उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए सहयोग कर रही है।
सरकार का प्रयास है कि जल्द ही देहरादून से इन तीनों धार्मिक और ऐतिहासिक शहरों के लिए नियमित हवाई सेवा शुरू हो सके।
इससे उत्तराखंड के लोगों को वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या से सीधा हवाई संपर्क मिल सकेगा और धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।



Admin





