देहरादून, 10 अप्रैल 2026।
उत्तराखंड में जनगणना 2026 की प्रक्रिया के पहले चरण के तहत आज शुक्रवार से भवन और परिवारों की स्व-गणना (Self Enumeration) की शुरुआत हो गई है। अब राज्य के नागरिक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से 33 सवालों का जवाब देकर अपनी स्वगणना पूरी कर सकते हैं।
राज्य में स्वगणना की इस प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत आज सुबह 10:45 बजे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) द्वारा की गई, जबकि शाम 5 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी स्वयं स्वगणना करेंगे।
जनगणना निदेशालय के अनुसार, 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक प्रदेश के नागरिकों को भवन और परिवार से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भरने का अवसर दिया गया है। इसके लिए केंद्र सरकार के आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर लोग अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
कैसे होगी स्व-गणना
स्वगणना प्रक्रिया के तहत नागरिकों को अपने घर, परिवार और बुनियादी सुविधाओं से संबंधित 33 आसान सवालों का उत्तर देना होगा।
ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद सिस्टम द्वारा प्रत्येक परिवार को एक SE ID (Self Enumeration ID) प्रदान की जाएगी।
जब जनगणना विभाग के प्रगणक (Enumerator) घर-घर सर्वे के लिए पहुंचेंगे, तो नागरिकों को यह SE ID दिखानी होगी।
इस आईडी के माध्यम से प्रगणक आपके द्वारा दर्ज किए गए डेटा को अपने सॉफ्टवेयर में आयात करेंगे, मौके पर सत्यापन करेंगे और अंतिम एंट्री पूरी करेंगे।
कब आएंगे प्रगणक
जनगणना निदेशालय के निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव के अनुसार, प्रदेश में 25 अप्रैल से 24 मई 2026 के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे।
इन 33 सवालों का देना होगा जवाब
स्व-गणना के दौरान नागरिकों से भवन, परिवार और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी मांगी जाएगी। इनमें प्रमुख सवाल हैं:
1-मकान के फर्श, दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री
2-मकान का उपयोग और उसकी स्थिति
3-परिवार के सदस्यों की संख्या
4-परिवार के मुखिया का नाम और लिंग
5-सामाजिक वर्ग (SC/ST/Others)
6-मकान का स्वामित्व
7-कमरों की संख्या
8-पेयजल का स्रोत
9-बिजली की उपलब्धता
10-शौचालय और स्नानघर की सुविधा
11-रसोई और ईंधन का प्रकार
12-टीवी, रेडियो, इंटरनेट, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं
13-मोबाइल फोन, वाहन आदि
14-परिवार का मुख्य अनाज
15-मोबाइल नंबर
सरकार का कहना है कि ऑनलाइन स्वगणना से जनगणना प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनेगी, साथ ही लोगों को घर बैठे अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी।



Admin






