kotha
post authorAdmin 09 Apr 2026

सीएम धामी ने 5 विधानसभा क्षेत्रों की घोषणाओं की समीक्षा की, पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश.

देहरादून।
मुख्यमंत्रीश्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में पांच विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं और जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की देरी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

यह समीक्षा बैठक विधानसभा क्षेत्र थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति को लेकर आयोजित की गई थी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जिन योजनाओं का समाधान शीघ्र संभव है, उनमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कार्य में लापरवाही या विलंब पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर एंबुलेंस सेवाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी निर्माण कार्य से संबंधित प्रस्ताव एक विभाग से दूसरे विभाग को भेजा जाना है, तो इसे तत्काल भेजा जाए ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो।

इसके अलावा उन्होंने मुख्य सचिव को मानसून से पहले संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों की व्यापक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं।

आगामी चारधाम यात्रा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने को भी कहा।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, आशा नौटियाल और विनोद कंडारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।