kotha
post authorAdmin 08 Apr 2026

गढ़वाली लोक संस्कृति को नई पहचान देने के लिए ‘नरेन्द्र संगीत सप्ताह’ का आयोजन, युवाओं के लिए बड़ा मंच.

श्रीनगर गढ़वाल:
गढ़वाली लोक संस्कृति और भाषा के संरक्षण तथा प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लोक कला एवं संस्कृति निष्पादन केंद्र द्वारा “नरेन्द्र संगीत सप्ताह” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष कार्यक्रम 16 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगा।

इस आयोजन के माध्यम से प्रसिद्ध गढ़वाली लोकगायक नरेन्द्र सिंह नेगी के गीतों के गायन द्वारा गढ़वाली भाषा और लोक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य गढ़वाली संस्कृति का संरक्षण, युवाओं में लोक संगीत के प्रति रुचि बढ़ाना और उभरते कलाकारों को मंच प्रदान करना है।

आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के गायक और गायिकाएं भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि के रूप में गीत का स्थायी और एक अंतरा प्रस्तुत करना होगा। आवश्यकता पड़ने पर गीत के साथ केवल हारमोनियम की संगत की अनुमति होगी।

इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति का वीडियो मोबाइल नंबर 9412961554, 9205753878, 9997600304 और 9412079537 पर भेज सकते हैं। प्रविष्टि भेजने की अंतिम तिथि 12 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

आयोजकों ने बताया कि प्राप्त प्रविष्टियों में से चयनित प्रतिभागियों को ही मंच पर प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस आयोजन से न केवल क्षेत्रीय लोक संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का भी सुनहरा अवसर प्राप्त होगा।