देहरादून।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य जनजातीय महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए जनजातीय समाज के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।
राज्य जनजातीय शोध संस्थान द्वारा आयोजित इस महोत्सव में देश के 12 राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधियों ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोकनृत्यों और परंपराओं के माध्यम से कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने थारू लोक गायिका स्वर्गीय रिंकू देवी राणा और दर्शन लाल को ‘आदि गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 14,272.185 लाख रुपये की पेंशन ‘वन क्लिक’ के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की गई।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनजातीय समाज की जीवंत विरासत, सादगीपूर्ण जीवन दर्शन और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय संस्कृति की विविधता और प्राचीन परंपराओं का मजबूत आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान और विकास के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान, वन धन योजना और प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर पैदा हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाना ऐतिहासिक निर्णय है और देशभर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय स्थापित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश के 128 जनजातीय गांवों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है और प्रतिवर्ष जनजातीय महोत्सव एवं जनजातीय खेल महोत्सव आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जनजातीय छात्रों के लिए कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में एकलव्य विद्यालय संचालित हैं, जबकि चकराता और बाजपुर में नए विद्यालय निर्माणाधीन हैं। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून में ‘आदि लक्ष्य संस्थान’ स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनजातीय समाज की सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा और उनके जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, अपर सचिव संजय सिंह टोलिया, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय प्रतिनिधिमंडल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



Admin






