देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़-देहरादून विमान सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस सेवा के तहत 42 सीटर विमान का संचालन किया जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच की दूरी अब मात्र एक घंटे में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह सेवा न केवल यात्रियों के लिए सुविधाजनक है बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पिथौरागढ़ सीमांत जिला होने के कारण इस क्षेत्र में तेज और सुरक्षित कनेक्टिविटी की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब हवाई यात्रा को केवल संपन्न वर्ग के लिए ही संभव माना जाता था। लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना ने छोटे शहरों, दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर आम नागरिक के लिए हवाई यात्रा को सुलभ और किफायती बनाया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है। इसके अंतर्गत अगले दस वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के बजट से 100 नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका उद्देश्य विशेष रूप से टियर-2 और टियर-3 शहरों तथा दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं बल्कि जीवनरेखा बन चुकी हैं। दुर्गम इलाकों में आवश्यक सामग्री पहुंचाने और गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में हवाई सेवाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार वर्तमान में उड़ान योजना के तहत राज्य में 26 हवाई मार्गों का संचालन किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार ने वर्ष 2023 में “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” शुरू की, जिसके अंतर्गत फिलहाल 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित हो रही हैं।
पिछले चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 तक पहुंच चुकी है। उत्तराखंड को हाल ही में “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा शुरू होने से पिथौरागढ़ के लोग अब एक घंटे में राजधानी देहरादून पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार 450 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास पर काम कर रही है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री की उपस्थिति में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखंड सरकार के बीच नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) भी हस्ताक्षरित किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस नई सेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, दायित्वधारी हेमराज बिष्ट, एलाइंस एयर के सीएमडी अमित कुमार, उकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान तथा एसीईओ संजय टोलिया सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




Admin






