उत्तराखंड के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य में जंगली जानवरों से कृषि फसलों को होने वाले नुकसान को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने फार्म फेंसिंग (घेरबाड़) के लिए 25 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
इस संबंध में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि राज्य सरकार द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार से अनुरोध किया था कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए फार्म फेंसिंग के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाए।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक रूप से स्वीकृति देते हुए इसे किसानों के हित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस पहल से राज्य के किसानों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी और कृषि उत्पादन को सुरक्षित एवं मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।
प्रदेश सरकार का मानना है कि फार्म फेंसिंग योजना के लागू होने से किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाया जा सकेगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि और कृषि क्षेत्र में स्थिरता आएगी।



Admin






