kotha
post authorAdmin 24 Mar 2026

सीएम धामी की बड़ी चेतावनी: घुसपैठियों को भेजा जाएगा वापस, उत्तराखंड की डेमोग्राफी से छेड़छाड़ नहीं होगी बर्दाश्त.

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की जनसांख्यिकी, सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी है कि राज्य में किसी भी प्रकार की घुसपैठ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग अवैध रूप से राज्य में प्रवेश कर राज्य की जनसंख्या संरचना या सांस्कृतिक स्वरूप को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे, उन्हें वहीं वापस भेज दिया जाएगा जहां से वे आए हैं।

देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” में मुख्यमंत्री धामी ने सरकार की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को देवभूमि कहा जाता है और यहां की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की डेमोग्राफी में बदलाव किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार ने इस दिशा में कई कड़े कदम उठाए हैं। राज्य में सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून लागू किए गए हैं, ताकि सामाजिक सौहार्द और धार्मिक संतुलन बना रहे।

उन्होंने बताया कि सरकार ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया है। इसके साथ ही छद्म वेश में लोगों को ठगने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ “ऑपरेशन कालनेमि” के तहत कार्रवाई की गई है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान कानून सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कदम की देशभर में सराहना हुई है। इसके अलावा जुलाई से राज्य के सभी मदरसों में सरकारी बोर्ड से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।

भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले भ्रष्टाचार के मामलों में केवल छोटे अधिकारियों को निशाना बनाया जाता था, लेकिन अब बड़े-बड़े भ्रष्टाचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रही है।

उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि देवभूमि सदियों से आस्था और परंपराओं की भूमि रही है। प्रधानमंत्री ने चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।

नवरात्र पर मां कालिका मंदिर में पूजा

नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के पलटन बाजार स्थित मां कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हुए मां भगवती से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक है और यह समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और समरसता का संदेश देता है।