देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में मदरसों को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में मदरसों को जिहादी मानसिकता को बढ़ावा देने वाले अलगाववादी केंद्र नहीं बनने दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य मदरसों को शिक्षा, ज्ञान और संस्कार के केंद्र के रूप में स्थापित करना है। इसी दिशा में सरकार अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, ताकि बच्चों को गुमराह होने से रोका जा सके।
सीएम धामी यह बात देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित “सरकार के चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 401 करोड़ रुपये की लागत वाली 74 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार वर्ष पहले प्रदेश की जनता ने उन्हें दोबारा राज्य की सेवा का अवसर दिया था। शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप देवभूमि के गौरव को पुनर्स्थापित करने का संकल्प लिया था। आज चार साल बाद वह संकल्प तेजी से सिद्धि की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पहली बार G-20 जैसे वैश्विक सम्मेलन की बैठकों की सफल मेजबानी की और राष्ट्रीय खेलों का भी भव्य आयोजन किया गया।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने इस दौरान विपक्ष और पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय खनन माफिया को खुली छूट थी और राज्य के संसाधनों का दुरुपयोग किया जाता था।
उन्होंने पटवारी भर्ती, दरोगा भर्ती, छात्रवृत्ति घोटाला और एनएच-74 घोटाले जैसे मामलों का भी उल्लेख किया और कहा कि कांग्रेस के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह अफवाहें फैलाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
सरकार की प्रगति रिपोर्ट
मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि दर्ज की गई है।
राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि
प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी
राज्य में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित
स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर 1750
2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनीं
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
देहरादून में बड़े विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को आधुनिक शहर बनाने के लिए करीब 1400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय केवल घोषणाएं होती थीं, लेकिन अब विकास योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।
युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। नकल माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया है।
अवैध कब्जों और कट्टरता पर सख्ती
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि में किसी भी तरह की कट्टरता को पनपने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 12 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि जुलाई से उत्तराखंड के सभी मदरसों में केवल सरकारी बोर्ड से मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम ही पढ़ाया जाएगा।



Admin






