kotha
post authorAdmin 23 Mar 2026

हरिद्वार: जयपुरिया यात्री निवास का उद्घाटन, त्रिवेंद्र सिंह रावत और अजय भट्ट ने किया लोकार्पण.

हरिद्वार, उत्तराखंड।
देवभूमि हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सेठ बेनी जयपुरिया ट्रस्ट द्वारा स्थापित जयपुरिया यात्री निवास का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्रमुख संतों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

यात्री निवास का उद्घाटन त्रिवेंद्र सिंह रावत, अजय भट्ट, स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी, युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह, महावीर प्रसाद जयपुरिया और अनुराग जयपुरिया की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और हरिद्वार जैसे पवित्र तीर्थ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह यात्री निवास बड़ी सहायता साबित होगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म सभी को सम्मान और सेवा का संदेश देता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में आने वाले संतों और यात्रियों की सेवा के लिए महावीर प्रसाद जयपुरिया द्वारा समर्पित यह यात्री निवास एक आदर्श उदाहरण बनेगा। उन्होंने समाज के संपन्न वर्ग से भी अपील की कि वे कमजोर वर्गों की सेवा के लिए आगे आएं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों से प्रेरित होकर समाज में सेवा कार्यों की गति तेज हुई है। उन्होंने स्वामी अभिषेक ब्रह्मचारी को तपोनिष्ठ संत बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से समाज के सक्षम लोग निर्बल वर्ग की सेवा में आगे आ रहे हैं।

वहीं युवा चेतना के राष्ट्रीय संयोजक रोहित कुमार सिंह ने कहा कि गरीब और कमजोर वर्ग के समग्र विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 से पहले भारत को विश्व शक्ति बनाने के लिए समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।