राजाजी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत गोहरी रेंज में पिछले दो सप्ताह से एक लगभग 25 वर्षीय नर हाथी घायल अवस्था में विचरण कर रहा है। वन विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है, हालांकि आक्रामक व्यवहार के कारण उसके नजदीक पहुंच पाना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार यह हाथी पहले मोतीचूर और चीला रेंज में देखा गया था, जबकि वर्तमान में यह गोहरी रेंज के खदरी बीट क्षेत्र में सक्रिय है। गोहरी रेंज अधिकारी राजेशचंद्र जोशी ने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार हाथी संभवतः आपसी संघर्ष में घायल हुआ है। उसके शरीर के पिछले हिस्से में गहरी चोट के संकेत मिले हैं, जिसके कारण वह पिछले पैरों को घसीटते हुए चल रहा है।
वन विभाग की टीम दूर से निगरानी कर रही है ताकि हाथी की स्थिति का आकलन किया जा सके और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। अधिकारियों के अनुसार हाथी के पास जाने पर वह आक्रोशित हो रहा है, जिससे टीम को सावधानी बरतनी पड़ रही है।
वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगल क्षेत्र में अनावश्यक रूप से न जाएं।



Admin






