उत्तराखंड के पवित्र शहर हरिद्वार में जनवरी से अप्रैल 2027 तक आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। केंद्र सरकार ने इस महापर्व की तैयारियों के लिए उत्तराखंड सरकार को 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी कर दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात प्रतीक है।
सरकार द्वारा जारी की गई धनराशि का उपयोग मेले के दौरान आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, घाटों के सौंदर्यीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से कुंभ मेला 2027 ऐतिहासिक और भव्य आयोजन के रूप में स्थापित होगा।



Admin






