देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में बेसिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ कथित मारपीट की घटना ने प्रदेशभर के शिक्षकों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के सभी शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी संगठनों ने आज से दो दिवसीय कार्यबहिष्कार का एलान किया है। इसके तहत शिक्षक काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे।
पांच घंटे चली बैठक, 56 संगठनों की भागीदारी
शिक्षा निदेशालय में करीब पांच घंटे चली बैठक में सभी 56 विभागीय कर्मचारी-अधिकारी संगठनों ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कड़ी निंदा की। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो 25 फरवरी से अन्य विभागीय कर्मचारी भी आंदोलन में शामिल होकर कार्यबहिष्कार करेंगे।
शिक्षक संगठनों का बयान
उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की शिक्षक भवन, रेसकोर्स में आयोजित बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे शिक्षकों ने कहा कि जब प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम शिक्षक और कर्मचारी की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं।
प्रांतीय तदर्थ समिति के सदस्य गोविंद बोरा और दिगंबर सिंह नेगी ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
चार आरोपी हिरासत में
नूरखेड़ा स्थित निदेशालय में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। इसके अतिरिक्त हिस्ट्रीशीटर कल्ली की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
शनिवार को विधायक **उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ एक स्कूल का नाम परिवर्तन संबंधी विषय पर शिक्षा निदेशक से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ा और मारपीट की घटना सामने आई।
दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने रायपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि वीडियो साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई जारी है और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।



Admin






