पीपलकोटी/उत्तराखंड।
पुष्कर सिंह धामी ने आज जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से संवाद कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों, आपातकालीन सेवाओं और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को दी जा रही उपचार व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में संचालित जांच सेवाओं, आपातकालीन प्रबंधन प्रणाली तथा विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के अंतिम छोर तक रहने वाले नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं मिलें, ताकि उन्हें बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज़ शहरों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों और समस्त स्टाफ के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जिस प्रतिबद्धता के साथ सेवाएं दी जा रही हैं, वह प्रेरणादायी है।
इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने संस्थान की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अवसंरचना को और अधिक मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।




Admin






