kotha
post authorAdmin 22 Feb 2026

उत्तराखंड:अब कोई नहीं रहेगा योजना से वंचित, सरकार ने लॉन्च किया खास पोर्टल.

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पारदर्शी और सरल तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से “माई स्कीम पोर्टल” की शुरुआत की है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने अपने आवासीय कार्यालय में इस पोर्टल का औपचारिक शुभारंभ किया।

यह पोर्टल कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग की ‘मेरी योजना’ पुस्तिका में शामिल सभी योजनाओं को डिजिटल स्वरूप में एक मंच पर उपलब्ध कराता है। अब प्रदेश के नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाए बिना एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेगी।

पोर्टल पर प्रत्येक योजना से संबंधित पात्रता, लाभ, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और संबंधित विभाग की विस्तृत जानकारी स्पष्ट रूप से दी गई है। इससे पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सकेगा।

सरकार का कहना है कि इस डिजिटल पहल से योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और योजनाओं की मॉनिटरिंग अधिक प्रभावी बनेगी। राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि पोर्टल का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति जानकारी के अभाव में योजना से वंचित न रहे।