राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में परिवहन क्रांति की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi ने रविवार को मेरठ के शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस अवसर पर उन्होंने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया।
प्रधानमंत्री के मेरठ पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी शताब्दी नगर स्टेशन पहुंचे और उद्घाटन समारोह में भाग लिया।
इस परियोजना के तहत दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर तथा उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर लंबे शेष खंडों का भी उद्घाटन किया गया। यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा।
प्रधानमंत्री ने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी की और इस दौरान छात्रों एवं यात्रियों से बातचीत की। सफर के दौरान दो छात्रों ने प्रधानमंत्री को अपनी बनाई हुई तस्वीरें भी भेंट कीं।
नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार के साथ भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली (RRTS) है। यह साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे शहरों को दिल्ली से तेज़ और सुगम कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
सराय काले खां स्टेशन को मल्टी-मॉडल ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड से सीधा जुड़ाव सुनिश्चित करता है।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का एकीकृत संचालन भारत में शहरी और क्षेत्रीय परिवहन मॉडल का नया उदाहरण पेश करता है। इससे सड़क यातायात में कमी आएगी और कार्बन उत्सर्जन घटेगा।




Admin






