kotha
post authorAdmin 20 Feb 2026

भाजपा में आने वालों की होगी सनातनी ट्रेनिंग, विपक्ष को उसी के हथियारों से किया जाएगा पस्त!.

भारतीय जनता पार्टी ने आगामी 2027 चुनावों को देखते हुए एक नई रणनीति तैयार की है। अब कांग्रेस या अन्य दलों से भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं को सीधे जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि उन्हें पहले वैचारिक और संगठनात्मक प्रशिक्षण से गुजरना होगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नेताओं को “सनातन प्रशिक्षण कार्यक्रम” के तहत राष्ट्रवाद, हिंदुत्व, पार्टी की कार्यसंस्कृति और संगठन की रीति-नीति से अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ही उन्हें पार्टी की मुख्यधारा में सक्रिय भूमिका सौंपी जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी का मानना है कि पिछले चुनावों के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस व अन्य दलों के नेता भाजपा में शामिल हुए थे। पार्टी का दावा है कि ऐसे नेताओं और कार्यकर्ताओं की संख्या 20 हजार से अधिक रही। अब इन्हीं चेहरों को विपक्ष के खिलाफ रणनीतिक हथियार के रूप में तैयार किया जाएगा।

प्रदेश महामंत्री कुंदन सिंह परिहार ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य नए शामिल हुए नेताओं को भाजपा की विचारधारा से पूरी तरह जोड़ना है ताकि वे वैचारिक रूप से सशक्त होकर संगठन को मजबूती दे सकें।

वहीं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत राज्य से 14 शीर्ष पदाधिकारी बनारस पहुंचे हैं। इस प्रशिक्षण में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, कुंदन परिहार, दीप्ति रावत और तरुण बंसल सहित कई वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि 2027 चुनाव में भाजपा हिंदुत्व और राष्ट्रवाद के मुद्दों को केंद्र में रख सकती है। 2022 विधानसभा चुनाव में भी इसी प्रकार के वैचारिक मुद्दों को प्रमुखता दी गई थी।

https://akm-img-a-in.tosshub.com/indiatoday/images/story/202207/IMG20220731115257_1200_0.jpg?VersionId=jDIVrcx_eeaX0VrySusio2yFHt2oRdw5&size=690%3A388