kotha
post authorAdmin 14 Mar 2026

उत्तराखंड बजट सत्र 2026: ध्वनिमत से 1.11 लाख करोड़ का बजट पारित, गैरसैंण सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित.

गैरसैंण:
उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार को देर रात समाप्त हो गया। सत्र के पांचवें दिन सदन में वर्ष 2026-27 के बजट पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसके बाद ध्वनिमत से 1 लाख 11 हजार 703 करोड़ रुपये का बजट पारित कर दिया गया। इसके साथ ही विधानसभा सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।

गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र का अंतिम दिन देर रात करीब 12:30 बजे तक चला। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बजट को लेकर तीखी बहस देखने को मिली।

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने सोमवार को सत्र के पहले दिन वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 111703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। यह पहली बार था जब मुख्यमंत्री धामी ने स्वयं वित्त मंत्री के रूप में सदन में अपनी सरकार का बजट प्रस्तुत किया।

सरकार के अनुसार यह बजट “विकसित उत्तराखंड 2047” के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया है।

Uttarakhand presents Rs 1.11 Lakh crore budget amid Opposition protest in  Assembly

बजट का आकार बढ़ा

सरकार द्वारा पेश किए गए इस बजट का आकार पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 10.41 प्रतिशत अधिक है। सरकार का कहना है कि यह बजट राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

आय और घाटे का अनुमान

नए वित्तीय वर्ष में सरकार को कुल 111703.21 करोड़ रुपये के राजस्व प्राप्त होने का अनुमान है।

*67525.77 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तियों से

*42617.35 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियों से प्राप्त होंगे।

सरकार ने इस बजट को कर-मुक्त बताया है और इसमें राजस्व घाटे का कोई अनुमान नहीं लगाया गया है। हालांकि 12579.70 करोड़ रुपये के राजकोषीय घाटे का अनुमान लगाया गया है।

विपक्ष ने बताया निराशाजनक

जहां सत्ता पक्ष ने बजट को संतुलित और सर्वसमावेशी बताते हुए विकसित उत्तराखंड की दिशा में बड़ा कदम कहा, वहीं विपक्ष ने इसे निराशाजनक बजट करार दिया। विपक्ष का कहना है कि इस बजट में आम जनता और बेरोजगार युवाओं के लिए ठोस प्रावधान नहीं किए गए हैं।

बजट पारित होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।