kotha
post authorAdmin 06 Mar 2026

होली की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में थारू समाज की लोक गायिका रिंकू राणा की दर्दनाक मौत.

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में होली के दिन एक दर्दनाक सड़क हादसे में थारू जनजाति की लोक गायिका रिंकू राणा की मौत हो गई। इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और उनके चाहने वालों में गहरा दुख देखा गया।

बताया जा रहा है कि रिंकू राणा होली का त्योहार मनाने के लिए अपने मायके गई हुई थीं। कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वह स्कूटी से वापस लौट रही थीं। रास्ते में वह सड़क किनारे खड़ी होकर मोबाइल पर किसी से बात कर रही थीं। इसी दौरान ईंटों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनके साथ उनकी भतीजी भी मौजूद थी, जिसे हल्की चोटें आई हैं और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

रिंकू राणा थारू जनजाति की जानी-मानी लोक गायिका थीं और अपने गीतों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने का काम कर रही थीं। उन्होंने कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रस्तुति दी थी और थारू समाज में उनकी अच्छी पहचान बन चुकी थी।

उनके अचानक निधन से लोक संगीत जगत और थारू समाज को बड़ी क्षति पहुंची है। परिवार, प्रशंसकों और स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।