ऋषिकेश। महाशिवरात्रि (15 फरवरी) के मद्देनज़र नीलकंठ महादेव मंदिर में आने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
यमकेश्वर तहसीलदार वैभव जोशी ने लक्ष्मणझूला डीएम कैंप कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर 13 फरवरी तक नीलकंठ मोटर मार्ग एवं पैदल मार्ग पर प्रकाश, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग दुगड्डा को नीलकंठ मोटर मार्ग को गड्ढा मुक्त करने का आदेश दिया गया। विशेष रूप से गरुड़चट्टी से घट्टूगाड तक सड़क की मरम्मत पर जोर दिया गया, क्योंकि गड्ढों के कारण वाहनों को नुकसान हो रहा है।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाने पर बल दिया गया। पार्किंग समस्या के समाधान हेतु राइका दिउली और मराल क्षेत्र में वैकल्पिक पार्किंग बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
लक्ष्मणझूला टैक्सी ऑनर्स एसोसिएशन के सचिव बिजेंद्र बिष्ट ने बताया कि घट्टूगाड, खैरखाल, जुड्डा और पीपलकोटी में सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखे जाने से जाम की स्थिति बनती है। इस पर प्रशासन ने सख्ती के संकेत दिए।
नीलकंठ चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह कुंवर ने क्षेत्र के शौचालयों की सफाई और पार्किंग के समीप शौचालय की मरम्मत की मांग रखी। जिला पंचायत को शौचालयों में पानी की व्यवस्था और जल संस्थान को हैंडपंप दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
पूर्ति विभाग को मंदिर मार्ग पर होटल एवं ढाबों में घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।




Admin






