प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड सरकार ने देर शाम 20 आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इनमें आठ जिलों के पुलिस कप्तान भी शामिल हैं।
सरकार ने हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून का नया कप्तान नियुक्त किया है। नवनीत सिंह को एसटीएफ से हरिद्वार की कमान सौंपी गई है, जबकि देहरादून के एसएसपी अजय सिंह को एसटीएफ भेजा गया है। यूएस नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया गया है।
इसके अलावा रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। निवेदिता कुकरेती को डीआईजी से प्रमोट कर आईजी के रूप में एसडीआरएफ भेजा गया है।
सरकार का यह फैसला ऐसे समय आया है जब देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और यूएस नगर में हाल के दिनों में हत्या और गंभीर अपराधों की घटनाएं बढ़ी हैं। देहरादून में एक हिस्ट्रीशीटर की दिनदहाड़े हत्या, शहीद कर्नल के बेटे की हत्या और सरेबाजार युवती की हत्या जैसे मामलों ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।
सरकार के इस सख्त कदम से प्रशासनिक हलकों में हलचल है और माना जा रहा है कि आने वाले समय में अपराध नियंत्रण को लेकर और भी कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।



Admin






