kotha
post authorAdmin 28 Jan 2026

उत्तराखंड में 4 साल बाद गेहूं की वापसी, 9.5 लाख परिवारों को मिलेगा 5 किलो गेहूं.

देहरादून से बड़ी खबर है।
उत्तराखंड राज्य खाद्य योजना के तहत इस महीने से साढ़े नौ लाख से अधिक परिवारों को फिर से गेहूं उपलब्ध कराया जाएगा। सरकारी राशन दुकानों के माध्यम से अब प्रत्येक पात्र परिवार को 5 किलो गेहूं और 2.5 किलो चावल वितरित किया जाएगा।

गौरतलब है कि पिछले लगभग चार वर्षों से गेहूं की आपूर्ति बाधित होने के कारण इन परिवारों को चावल दिया जा रहा था। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने पुष्टि की है कि अब गेहूं की सामान्य आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अपर निदेशक पीएस पांगती के अनुसार,“इस माह से गेहूं का नियमित वितरण शुरू हो गया है। विभाग की अन्य योजनाओं में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।”

हालांकि, प्रदेश के कुछ जिलों में फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति में देरी के कारण राशन वितरण प्रभावित हुआ। इससे कई राशन कार्ड धारकों को अस्थायी परेशानी का सामना करना पड़ा।

विभाग ने भरोसा दिलाया है कि बुधवार तक सभी जिलों में शत-प्रतिशत राशन आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी, जिससे लाभार्थियों को आगे किसी तरह की दिक्कत नहीं होगी।