kotha
post authorAdmin 13 Jan 2026

ऋषिकेश: बापूग्राम भूमि के नियमितीकरण की मांग तेज, वन विभाग की कार्रवाई के खिलाफ धरना.

ऋषिकेश के बापूग्राम क्षेत्र में भूमि के नियमितीकरण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले बापूग्राम भूमियाल देवता के समीप वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में सांकेतिक धरना दिया गया।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शासन-प्रशासन की लापरवाही के चलते वन विभाग खाली पड़ी भूमि पर फेंसिंग कर रहा है, जिससे वर्षों से रह रहे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार चाहे तो इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में क्षेत्रवासियों का पक्ष मजबूती से रख सकती है।

धरना स्थल पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समिति का एक प्रतिनिधिमंडल स्थानीय विधायक, सांसद, वन मंत्री और मुख्यमंत्री से भेंट कर अपनी समस्याएं रखेगा। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के संयोजक रमेश जुगलान ने की।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही भूमि के नियमितीकरण को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस मौके पर मुस्कान चौधरी, अभिनव मलिक, सुरेंद्र सिंह नेगी, हर्षवर्धन रावत, राजेश कोटियाल, ममता नेगी, हेमलता चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।