उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने के गंभीर मामले को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लिया है।
मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को मजिस्ट्रेट जांच के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने वाले किसान की पहचान काशीपुर निवासी के रूप में हुई है, जो ऊधमसिंह नगर जनपद से संबंध रखता था।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि इस दुखद घटना से जुड़े प्रत्येक तथ्य और परिस्थितियों की गहन जांच की जाएगी। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन तथा पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ से भी विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिवंगत किसान के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।



Admin






