kotha
post authorAdmin 12 Jan 2026

युवा दिवस: क्लबिंग नहीं, भजन नाइट्स बन रहीं युवाओं की पहली पसंद, आध्यात्मिक ट्रेंड के रूप में उभरता नया दौर.

दलते समय के साथ युवाओं की सोच और पसंद में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी नाइट क्लब और तेज़ संगीत युवाओं की पहचान माने जाते थे, लेकिन अब वही युवा भजन नाइट्स और आध्यात्मिक आयोजनों की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।

शहरों में भले ही आधुनिक क्लबों की संख्या बढ़ रही हो, लेकिन युवाओं के बीच अब भजन नाइट्स एक नए आध्यात्मिक और सांस्कृतिक ट्रेंड के रूप में उभर रही हैं। मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों और विशेष आयोजनों में बड़ी संख्या में युवा भक्ति संगीत और धार्मिक गीतों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।

खासतौर पर देर रात तक चलने वाली भजन नाइट्स में पारंपरिक भजनों के साथ-साथ समकालीन भक्ति संगीत भी प्रस्तुत किया जा रहा है। कई आयोजनों में नामी कलाकारों की प्रस्तुति युवाओं को जोड़ने का काम कर रही है।

मानसिक शांति की ओर युवाओं का रुझान

प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत कृष्णा गिरी महाराज का कहना है कि भजन नाइट्स युवाओं को मानसिक शांति और आत्मिक संतोष प्रदान करती हैं। यह बदलाव इस बात का संकेत है कि युवा अब तनाव कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने लगे हैं।

वहीं, राजपुर रोड निवासी रोहन अरोड़ा बताते हैं कि पहले वे दोस्तों के साथ क्लब जाया करते थे, लेकिन अब भजन नाइट्स में जाना उन्हें अधिक सुकून देता है। उनके अनुसार, ऐसे आयोजन शहर में एक सकारात्मक और सांस्कृतिक बदलाव का प्रतीक बन रहे हैं।