हरिद्वार में इंसानियत को झकझोर देने वाली एक वारदात सामने आई है, जहां महज 100 रुपये के विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली।
पार्किंग मैनेजर सहदेव सिंह, जो हरिद्वार के बौंगला बहादराबाद के निवासी थे, लंबे समय से पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्किंग स्थल में कार्यरत थे।
शनिवार को पार्किंग शुल्क को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि दबंगई और मारपीट के दौरान सहदेव सिंह को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के गांव और परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
हरिद्वार जैसे पर्यटन नगरी में इस तरह की घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि छोटी-छोटी बातों पर बढ़ता गुस्सा किस कदर जानलेवा साबित हो सकता है।



Admin






