नई दिल्ली। हरिद्वार से सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रक्षा मंत्री को रिलेशनशिप काउंसलिंग पर आधारित पुस्तक “प्री-वेडिंग काउंसलिंग: जागरूकता ही समाधान” भेंट की। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक आज के बदलते सामाजिक परिवेश में विवाह से पहले उत्पन्न होने वाली चुनौतियों को समझने और उन्हें सुलझाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि पुस्तक का उद्देश्य दांपत्य जीवन में आपसी संवाद को सुदृढ़ बनाना, भावनात्मक संतुलन बनाए रखना तथा युवाओं को रिश्तों को समझदारी और परिपक्वता के साथ निभाने के लिए मार्गदर्शन देना है।
उन्होंने जानकारी दी कि देवभूमि विकास संस्थान द्वारा प्री-वेडिंग काउंसलिंग विषय पर निरंतर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्थान सामाजिक सरोकारों से जुड़े अनेक अभियानों—जैसे वृक्षारोपण, स्वैच्छिक रक्तदान, नेत्रदान-देहदान जागरूकता, नदियों के पुनर्जीवन तथा स्वच्छता अभियान—में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देवभूमि विकास संस्थान के सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए संस्थान को समाजहित में निरंतर कार्य करते रहने के लिए शुभकामनाएं दीं।



Admin






