श्रीनगर गढ़वाल।
पी.एम. राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्रीनगर (गढ़वाल) में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का सात दिवसीय विशेष शिविर शनिवार, 10 जनवरी 2026 को विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। शिविर का उद्घाटन नगर निगम पार्षद प्रवेश चमोली, विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सुमनलता पंवार एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरिता उनियाल द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
प्रधानाचार्या श्रीमती सुमनलता पंवार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए स्वयंसेवियों को विशेष शिविर के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सेवा कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों में कर्तव्यबोध, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास होता है।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सरिता उनियाल ने सात दिवसीय विशेष शिविर की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि प्रवेश चमोली ने अपने संबोधन में कहा कि स्वयंसेवियों को केवल ज्ञानवान ही नहीं, बल्कि संस्कारवान भी बनना चाहिए, क्योंकि सशक्त राष्ट्र की नींव संस्कारित नागरिकों पर ही टिकी होती है।
कार्यक्रम में स्वयंसेवी कु. सानिया ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात स्वयंसेवियों द्वारा लक्ष्य गीत, देशभक्ति गीत एवं लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर कुंज बिहारी सकलानी, कैलाश पुष्कड़ एवं संजय नौडियाल ने स्वयंसेवियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सरिता उनियाल द्वारा किया गया।



Admin






