kotha
post authorAdmin 18 Jan 2026

उत्तराखण्ड: सीमावर्ती गांवों के लिए ऐतिहासिक पहल: ‘स्वस्थ सीमा अभियान’ के तहत उत्तराखंड सरकार और ITBP के बीच बड़ा समझौता.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में आज मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड शासन और भारत–तिब्बत सीमा पुलिस के बीच ‘स्वस्थ सीमा अभियान’ के अंतर्गत एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते का उद्देश्य पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी जनपदों के 108 सीमावर्ती गांवों में रहने वाले नागरिकों को एकीकृत और सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह अभियान प्रथम चरण में लागू किया जा रहा है, जिसके माध्यम से दुर्गम और सीमांत क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी।

समझौते के अंतर्गत ITBP द्वारा योग्य चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, एमआई रूम और टेली-मेडिसिन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीमावर्ती गांवों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे और नागरिकों के मेडिकल हेल्थ रिकॉर्ड का सुव्यवस्थित प्रबंधन किया जाएगा।

वहीं उत्तराखंड सरकार द्वारा गांवों से संबंधित जनसांख्यिकीय आंकड़े उपलब्ध कराए जाएंगे, दवाइयों और चिकित्सा उपकरणों की सतत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी तथा आपात स्थितियों में निकासी और संचार सहयोग प्रदान किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह अभियान सीमावर्ती नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, विश्वास और सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है। सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।