kotha
post authorAdmin 17 Jan 2026

स्टार्टअप इंडिया रैंकिंग में उत्तराखंड को ‘लीडर’ दर्जा, केंद्र सरकार से मिला सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन.

देहरादून। केंद्र सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग द्वारा जारी States’ Startup Ecosystem Ranking (पाँचवां संस्करण) में उत्तराखंड को स्टार्टअप इकोसिस्टम के विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘लीडर’ श्रेणी में स्थान दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार के उद्योग विभाग को Certificate of Appreciation प्रदान किया गया। यह सम्मान राज्य में नवाचार-आधारित उद्यमिता, निवेश प्रोत्साहन, नीति सुधार और युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पुष्टि करता है।

राज्य सरकार द्वारा लागू की गई स्टार्टअप नीति, सरल प्रक्रियाएं, फंडिंग सपोर्ट और मेंटरशिप नेटवर्क के कारण उत्तराखंड आज उभरते स्टार्टअप्स के लिए एक भरोसेमंद गंतव्य बनकर उभरा है। विशेषज्ञों के अनुसार उत्तराखंड का मॉडल अब अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। राज्य के युवाओं में नवाचार की अपार क्षमता है और सरकार हर स्तर पर उन्हें सहयोग प्रदान कर रही है। यह उपलब्धि प्रदेश के उद्यमियों, स्टार्टअप्स और अधिकारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।