उत्तराखंड के चमोली जिले में सोमवार सुबह एक सरकारी जूनियर हाईस्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक भालू स्कूल परिसर में घुस आया। भालू ने कक्षा छह में पढ़ने वाले छात्र आरव को उठा लिया। हालांकि, शिक्षकों और अन्य बच्चों की सतर्कता और साहस के कारण छात्र की जान बचा ली गई।
जानकारी के अनुसार, भालू ने स्कूल का दरवाजा तोड़ने की कोशिश भी की। इस दौरान स्कूल में मौजूद शिक्षक और बच्चे डर के बावजूद एकजुट रहे और शोर मचाकर भालू को पीछे हटने पर मजबूर किया। बाद में आरव को झाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के शरीर पर नाखूनों के निशान पाए गए हैं, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के समय स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई और कई बच्चे डर के मारे रोने लगे। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले भी इसी स्कूल के एक छात्र पर रास्ते में भालू ने हमला किया था।
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए वन प्रहरियों की विशेष टीम तैनात की गई है। क्षेत्र में भालू की बढ़ती सक्रियता से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।



Admin






