भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बातचीत सफलतापूर्वक पूरी हो गई है। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि इस समझौते के तहत भारत को निर्यात किए जाने वाले न्यूजीलैंड के लगभग 95 प्रतिशत उत्पादों पर शुल्क या तो कम कर दिया जाएगा या पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री लक्सन ने बताया कि इस एफटीए के लागू होने से आने वाले 20 वर्षों में भारत को होने वाला न्यूजीलैंड का वार्षिक निर्यात 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि समझौते के बाद उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत की है।
लक्सन के अनुसार, यह समझौता भारत और न्यूजीलैंड की मजबूत मित्रता और आर्थिक साझेदारी पर आधारित है। भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इस एफटीए के माध्यम से न्यूजीलैंड के व्यवसायों को 1.4 अरब भारतीय उपभोक्ताओं तक सीधी पहुंच मिलेगी।



Admin






