kotha
post authorAdmin 04 Dec 2025

तत्काल टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव: रेलवे विंडो टिकट पर भी ओटीपी सिस्टम अनिवार्य करेगा.

भारतीय रेलवे ने रिज़र्वेशन काउंटर से मिलने वाले तत्काल टिकटों की प्रक्रिया में बड़ा अपडेट किया है। अब काउंटर पर भी ओटीपी आधारित तत्काल टिकट दिए जाएंगे। यह व्यवस्था कुछ दिनों में देशभर में लागू होगी।

रेलवे का कहना है कि फार्म में दिए गए मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे बुकिंग क्लर्क वेरीफाई कर टिकट जारी करेगा। इससे टिकटिंग प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी और एजेंटों द्वारा टिकट बुकिंग पर नियंत्रण मिलेगा।

लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि जिन यात्रियों के पास मोबाइल फोन नहीं है, वे कैसे तत्काल टिकट ले सकेंगे? रेलवे के अनुसार ऐसे यात्री अपने परिवार या परिचित के मोबाइल नंबर का उपयोग कर सकते हैं। रेलवे का मानना है कि आज लगभग सभी के पास मोबाइल उपलब्ध होता है।

रेलवे पहले ही कई डिजिटल बदलाव लागू कर चुका है—जुलाई 2025 में ऑनलाइन तत्काल टिकट के लिए आधार आधारित वेरिफिकेशन शुरू हुआ, अक्टूबर 2025 में सामान्य टिकटों की पहले दिन की बुकिंग पर ओटीपी सिस्टम लागू किया गया, और अब सुबह 8 से 10 बजे तक टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है।

17 नवंबर 2025 को शुरू किए गए पायलट प्रोजेक्ट में 52 ट्रेनों में ओटीपी सिस्टम का ट्रायल किया गया, जो सफल रहा। इसके बाद रेलवे ने इसे चरणबद्ध तरीके से सभी ट्रेनों और काउंटर तत्काल टिकटों में लागू करने का निर्णय लिया।
तत्काल टिकट यात्रा से एक दिन पहले बुक किए जाते हैं—एसी वर्ग सुबह 10 बजे, और नॉन-एसी सुबह 11 बजे से।