रुद्रपुर नगर निगम ने गंगापुर रोड पर लॉटरी के नाम पर लोगों को प्रलोभन देने वाले एक कानपुर के कारोबारी का सामान जब्त कर लिया। मेयर विकास शर्मा बुधवार को नीलकंठ धाम के सामने लगे फड़ के पास भीड़ देखकर रुके, जहां लोगों ने उनसे शिकायत की कि लॉटरी के बहाने ठगी की जा रही है।
एक महिला, शकुंतला, ने बताया कि उसे इलेक्ट्रॉनिक आइटम का लालच देकर 100 रुपये का कूपन लेने को मजबूर किया गया। कूपन लेने के बाद बताया गया कि लॉटरी में 1850 रुपये का इंडक्शन कुकर निकला है, लेकिन इसके बदले अतिरिक्त धनराशि मांगी जा रही थी।
मेयर ने मौके पर नगर निगम टीम को बुलाकर आरोपी का सामान और वाहन जब्त करवाया तथा लोगों के पैसे वापस दिलवाए। आरोपी ने अपना नाम रहीस अहमद, निवासी कानपुर, बताया। मेयर ने मुख्य नगर आयुक्त शिप्रा जोशी को मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।
अवैध फड़ पर सख्ती का निर्देश
मेयर शर्मा ने शहर के व्यस्त मार्गों पर बिना अनुमति लगाए जा रहे अवैध फड़ के विरुद्ध अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि अन्य शहरों से आकर कुछ लोग बिना अनुमति फड़ लगाकर नकली व घटिया सामान बेच रहे हैं, जिन पर निगम सख्ती करेगा।



Admin






