टिहरी जनपद के चंबा क्षेत्र स्थित सुरसिंहधार राजकीय नर्सिंग कॉलेज को पी.जी. कॉलेज का दर्जा दिए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति, अवसंरचना, वित्तीय स्वीकृतियों और निरीक्षण रिपोर्ट पर गहन चर्चा की।
डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि विशेषज्ञ नर्सिंग मानव संसाधन तैयार करने और पहाड़ी जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस परियोजना को प्राथमिकता दी जाए।
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि शासन ने 14 अगस्त 2025 को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियाँ जारी कर दी थीं। इसके उपरांत 12 नवंबर 2025 को एक निरीक्षण समिति गठित कर राजकीय नर्सिंग कॉलेज नई टिहरी का मूल्यांकन किया गया।
समिति ने 14 नवंबर 2025 को कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण किया और अपनी व्यापक रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में बताया गया कि कॉलेज परिसर में कक्षाएँ, प्रयोगशालाएँ, पुस्तकालय, मल्टीपरपज़ हॉल और एमएससी नर्सिंग के लिए आवश्यक अतिरिक्त कक्षाएँ उपलब्ध हैं।
इसके साथ ही जिले के बौराड़ी जिला चिकित्सालय (100 बेड) और सीएचसी नरेंद्रनगर (50 बेड) क्लीनिकल पोस्टिंग के लिए मानकों के अनुरूप पाए गए।
निरीक्षण में कॉलेज के पास कुल 71,900.33 वर्गफुट क्षेत्र उपलब्ध पाया गया, जिसमें 32,452.97 वर्गफुट शैक्षणिक और 39,447.36 वर्गफुट हॉस्टल क्षेत्र शामिल है। समिति ने संपूर्ण अवसंरचना को पी.जी. कॉलेज संचालन के लिए उपयुक्त मानते हुए एमएससी नर्सिंग की 15 नई सीटों की संस्तुति की।
समीक्षा बैठक में डॉ. ए.के. आर्य, डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट, मनीषा ध्यानी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



Admin






