उत्तराखंड में आगामी चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अवेयरनेस ग्रुप (BAG) का गठन किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी जिलाधिकारियों को 10 दिसंबर तक बीएजी बनाने के निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार बीएजी में संबंधित मतदेय स्थल का BLO सुपरवाइजर अध्यक्ष होगा, जबकि BLO ही सदस्य सचिव की भूमिका निभाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, मनरेगा कार्मिक या संबंधित राजकीय कार्मिक को सदस्य बनाया जाएगा।
मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियोजित Booth Level Agent (BLA) भी समूह का हिस्सा होगा। बीएजी टीम एसआईआर के दौरान BLO के साथ स्वयंसेवक की तरह कार्य करेगी। समूह का मुख्य कार्य उन मतदाताओं की जानकारी संकलित करना होगा जिनके गणना फॉर्म वापस प्राप्त नहीं होते हैं।
बीएजी निकटवर्ती मतदाताओं से पूछताछ कर कारणों—जैसे अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत्यु, या डुप्लीकेट प्रविष्टि—की पहचान करेगा और सूची तैयार करेगा। इस प्रक्रिया से BLO को एसआईआर कार्य पूरा करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।



Admin






