kotha
post authorAdmin 01 Dec 2025

हनीट्रैप के बढ़ते साइबर ठगी मामलों ने बढ़ाई चिंता: युवतियों की मदद से खाली हो रहे बैंक खाते.

सोशल मीडिया पर युवतियों की मदद से हनीट्रैप का जाल बिछाकर साइबर ठग लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहे हैं। चैटिंग, वीडियो कॉलिंग और ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को पहले विश्वास में लिया जाता है, फिर प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग की जाती है। कई अधेड़ उम्र के लोग भी इस जाल में फंसकर अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी गंवा रहे हैं।

कई मामले पुलिस तक पहुंच रहे हैं, जबकि कई पीड़ित बदनामी के डर से शिकायत तक नहीं कर रहे। साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, ठग सबसे पहले सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क करते हैं, धीरे-धीरे निजी बातचीत शुरू करते हैं और फिर ट्रेडिंग या रिश्ते के नाम पर ठगी करते हैं।

 

  • अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर मित्रता करने से पहले सावधानी बरतें।
     
  • किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश न करें।
     
  • अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी को साझा न करें।
     
  • चैटिंग और वीडियो कॉलिंग में मर्यादा का पालन करें।
     
  • किसी भी ऑनलाइन समूह में शामिल होने से पहले उसकी जांच करें।
     
  • अधिक मुनाफे के लालच में निवेश न करें।
     
  • ब्लैकमेलिंग की स्थिति में पैसे देना बंद करें।
     
  • ठगी होते ही तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन की मदद लें।
  • लक्सर क्षेत्र से सामने आए हनीट्रैप साइबर ठगी के प्रमुख मामले

मामला 1

लक्सर के दो युवकों को पश्चिम बंगाल की बताई जा रही युवती ने सोशल मीडिया पर हनीट्रैप में फंसाकर साइबर गिरोह से जोड़ दिया। आरोप है कि इन युवकों के बैंक खातों से लगभग 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी कराई गई। दोनों को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मामला 2

लक्सर के एक सेवानिवृत्त शिक्षक को एक युवती ने सोशल मीडिया पर जान-पहचान बढ़ाने के बाद प्रेमजाल में फंसाया और ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करवाते हुए 7 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली।

मामला 3

लक्सर निवासी एक युवक से सोशल मीडिया पर जान-पहचान बढ़ाकर युवती ने प्रेम का झांसा दिया और मिलने का वादा किया। इसके बाद ऑनलाइन ट्रेडिंग में पार्टनरशिप के नाम पर उससे 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली।

मामला 4

एक स्थानीय व्यापारी को युवती ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर पहले प्रेमजाल में फंसाया और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। व्यापारी से 50,000 रुपये से अधिक की वसूली की गई। बाद में उसने मोबाइल और सिम बदलकर किसी तरह पीछा छुड़ाया।

पुलिस की अपील

लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण के अनुसार,
“साइबर अपराधों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दूरी बनाए रखें और किसी भी निवेश प्रस्ताव पर सावधानी से निर्णय लें।”