देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज समापन हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे, जहां परिषद के पदाधिकारियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2024 के ‘प्रो. यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार’ की घोषणा की गई। यह प्रतिष्ठित सम्मान इस वर्ष गोरखपुर के युवा कार्यकर्ता श्रीकृष्णा पांडेय को प्रदान किया गया। सीएम धामी ने स्वयं मंच पर उन्हें सम्मानित करते हुए उनके सामाजिक योगदान की सराहना की।
एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि यह पुरस्कार वर्ष 1991 से प्रो. यशवंतराव केलकर की स्मृति में दिया जा रहा है, जिन्हें संगठन के शिल्पकार के रूप में जाना जाता है। उन्होंने संगठन के विस्तार, छात्र हित और शिक्षा के क्षेत्र में अहम योगदान दिया था।
यह पुरस्कार अभाविप और विद्यार्थी निधि न्यास की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर के युवाओं द्वारा किए जा रहे सामाजिक उद्यम, शिक्षा, पर्यावरण, विज्ञान और समाज सेवा जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करना है।
पुरस्कार के माध्यम से युवाओं में सामाजिक उद्यमशीलता, सेवा भाव और रचनात्मक सोच को बढ़ावा दिया जाता है। विजेता को ₹1,00,000, एक प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किया जाता है।



Admin






