टिहरी जनपद के नरेंद्र नगर क्षेत्र में बकरी लेकर जा रहे एक युवक पर दो भालुओं ने हमला कर दिया। युवक ने साहस दिखाते हुए पहले भालू को भगाया, लेकिन इसी दौरान दूसरे भालू ने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना नरेंद्र नगर थाना क्षेत्र की आगरा खाल चौकी अंतर्गत चलड गांव की है। जानकारी के अनुसार कद्दू खाल निवासी विजेंद्र (25) पुत्र प्रेम सिंह सुबह करीब 9:30 बजे बकरी लेकर आगरा खाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया।
बताया गया कि मजबूत कद-काठी होने के कारण विजेंद्र ने हिम्मत दिखाते हुए एक भालू की गर्दन दबाकर उसे दूर फेंक दिया, लेकिन तभी दूसरे भालू ने उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक के गले, कंधे और पीठ पर गंभीर चोटें आईं।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और युवक के साथी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गए। घायल युवक को एंबुलेंस से श्री देव सुमन राजकीय उप जिला चिकित्सालय, नरेंद्र नगर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी और प्रभागीय वन अधिकारी दिगांथ नायक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।



Admin






