हज 2026 पर जाने के इच्छुक तीर्थयात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है। केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संभावित यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
सर्कुलर में बताया गया है कि सऊदी अरब के हज एवं उमराह मंत्रालय द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार, हज 2026 के लिए आवास और सेवा अनुबंधों को अंतिम रूप देने की अंतिम तिथि 1 फरवरी 2026 है। ये संविदात्मक व्यवस्थाएं सऊदी अरब में तीर्थयात्रियों के लिए आवास, परिवहन और अन्य लॉजिस्टिक सेवाओं के लिए अनिवार्य हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि हज ग्रुप ऑर्गनाइजर (HGO) और प्राइवेट टूर ऑपरेटरों को कई तैयारियां पूरी करनी होती हैं, इसलिए इच्छुक यात्रियों को 15 जनवरी 2026 या उससे पहले अपनी बुकिंग औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है।
सर्कुलर में यह भी कहा गया है कि यात्री बुकिंग से पहले संबंधित हज ग्रुप ऑर्गनाइजर या प्राइवेट टूर ऑपरेटर के पंजीकरण, कोटा और अनुमोदन की पुष्टि अवश्य करें और केवल अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से ही आवेदन करें।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सर्कुलर साझा करते हुए कहा कि समय पर आवेदन करने से अंतिम समय की परेशानियों से बचा जा सकता है और हज यात्रा को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।



Admin






