kotha
post authorAdmin 14 Dec 2025

थल सेना प्रमुख का संदेश: फ्यूचर रेडी फोर्स पर जोर, IMA में युवा अफसरों संग लगाए पुश-अप्स.

थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा है कि भारतीय सेना तेजी से बदलते दौर से गुजर रही है और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए उसे फ्यूचर रेडी फोर्स में बदलना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में युवा सैन्य अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है।

शनिवार को इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA), देहरादून में पासिंग आउट परेड (POP) के बाद जनरल द्विवेदी ने नव-नियुक्त अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि युवा अधिकारी ऐसे समय सेना में प्रवेश कर रहे हैं, जब सुरक्षा चुनौतियां जटिल, बहुआयामी और लगातार बदल रही हैं। भविष्य के युद्ध पारंपरिक युद्धभूमि से अधिक तकनीक आधारित होंगे।

तेजी से निर्णय और नेतृत्व क्षमता पर जोर

सेना प्रमुख ने कहा कि वैश्विक और क्षेत्रीय परिदृश्य अस्थिरता के दौर से गुजर रहा है। पड़ोसी देशों के साथ बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बदलते युद्ध स्वरूपों के बीच अधिकारियों को पारंपरिक सैन्य कौशल के साथ-साथ तेजी से निर्णय लेने, परिस्थितियों के अनुरूप ढलने और सीमित संसाधनों में नेतृत्व विकसित करना होगा।

61 वर्ष की उम्र में युवा जोश

पासिंग आउट परेड के दौरान 61 वर्षीय जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने नव-नियुक्त अधिकारियों के साथ 20 पुश-अप्स लगाकर सभी का ध्यान खींचा। अनौपचारिक अंदाज में उन्होंने अधिकारियों और उनके परिवारजनों से बातचीत की। उनका यह उत्साह और फिटनेस युवा अफसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन गया।

491 युवा अफसर भारतीय सेना में शामिल

शनिवार को भारतीय सेना को 491 युवा सैन्य अधिकारी मिले। इनमें 14 मित्र देशों के 34 अधिकारी भी शामिल हैं, जो अपने-अपने देशों की सेनाओं में सेवाएं देंगे।
देहरादून स्थित IMA में सुबह 8:57 बजे मार्कर्स कॉल के साथ POP शुरू हुई। परेड कमांडर अंकित चौधरी के नेतृत्व में कैडेट्स ने कदमताल की। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने परेड की सलामी ली।